पूर्व विधायक अदिति मुंशी के कार्यालय से राहत सामग्री बरामद होने के आरोप
कोलकाता, 11 जून (हि. स.)। पूर्व तृणमूल विधायक और कीर्तन कलाकार अदिति मुंशी के राजारहाट-गोपालपुर स्थित पार्टी कार्यालय से कथित रूप से राहत सामग्री बरामद होने के आरोप को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को राजारहाट-गोपालपुर के भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी पार्टी कार्यालय पहुंचे और उनकी मौजूदगी में वहां तलाशी अभियान चलाया गया।
भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने आरोप लगाया कि कार्यालय के कई कमरों की तलाशी के दौरान तिरपाल, साड़ियां, धोती सहित विभिन्न सरकारी सामग्री मिली हैं। उन्होंने कहा कि जो काम पुलिस को करना चाहिए था, वह उन्हें करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना पाकर बागुईआटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि आम लोगों की सहायता के लिए सरकार की ओर से आवंटित राहत सामग्री का वितरण नहीं किया गया और उसे पार्टी कार्यालय में जमा करके रखा गया था।
भाजपा विधायक का दावा है कि कार्यालय में इससे भी अधिक राहत सामग्री रखी गई थी, जिसे पहले ही वहां से हटा दिया गया। उन्होंने इस मामले में अदिति मुंशी और उनके पति देवराज चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
तिवारी का कहना है कि लोगों के लिए निर्धारित राहत सामग्री को रोककर पार्टी कार्यालय में रखा गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्यालय से नशीले पदार्थों से संबंधित सामग्री भी मिली है।
घटना के बाद इलाके में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

