home page

विदेशी नागरिकों को चुनाव प्रचार में शामिल करने का आरोप, भाजपा ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत

 | 
विदेशी नागरिकों को चुनाव प्रचार में शामिल करने का आरोप, भाजपा ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत


कोलकाता, 13 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय निर्वाचन आयोग से शिकायत करते हुए तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि उत्तर 24 परगना जिले की राजारहाट-गोपालपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अदिति मुंशी ने अपने चुनाव प्रचार में विदेशी नागरिकों को शामिल किया।

भाजपा द्वारा राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि कुछ विदेशी नागरिक, विशेष रूप से नाइजीरिया मूल के लोग, कथित रूप से अदिति मुंशी के चुनावी कार्यक्रमों और रैलियों में सक्रिय रूप से भाग लेते देखे गए। आरोप है कि ये लोग तृणमूल कांग्रेस के झंडे और प्रतीक चिह्न लेकर पार्टी के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे और मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे।

भाजपा ने दावा किया है कि इस तरह विदेशी नागरिकों की चुनाव प्रचार में भागीदारी भारतीय कानून के तहत न केवल अभूतपूर्व है, बल्कि पूरी तरह अवैध भी है। पार्टी ने इस संबंध में एक वीडियो भी आयोग को सौंपा है, जिसमें कथित तौर पर विदेशी नागरिकों की भागीदारी दिखाई गई है।

शिकायत में कहा गया है कि यह मामला वीजा नियमों, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 और विदेशी अधिनियम 1946 का उल्लंघन है। भाजपा ने तर्क दिया कि भारतीय कानून किसी भी विदेशी नागरिक को किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने या मतदाताओं से समर्थन मांगने की अनुमति नहीं देता।

पार्टी ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए अदिति मुंशी के खिलाफ कदम उठाए जाएं और उन्हें आगे चुनाव प्रचार करने से रोका जाए। इसके अलावा, भाजपा ने संबंधित वीडियो को सभी ऑनलाइन मंचों से हटाने, शामिल विदेशी नागरिकों के वीजा रद्द करने और उन्हें तत्काल देश से बाहर भेजने की भी मांग की है।

निर्वाचन आयोग की ओर से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर