home page

शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर अधीर चौधरी की प्रतिक्रिया, बहरमपुर में हथियार बरामदगी पर कहा -निष्पक्ष जांच होनी चाहिए

 | 
शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर अधीर चौधरी की प्रतिक्रिया, बहरमपुर में हथियार बरामदगी पर कहा -निष्पक्ष जांच होनी चाहिए


कोलकाता, 09 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बहरमपुर में हथियार बरामदगी पर उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

नई सरकार के गठन और शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ को लेकर पूछे गए सवाल पर अधीर चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा कि नई सरकार को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा और विपक्ष की भूमिका भी मजबूत तरीके से जारी रहेगी।

शपथ ग्रहण के बाद शुभेंदु अधिकारी द्वारा दिए गए बयान — “मैं कोई विवादित टिप्पणी नहीं करूंगा, अब मैं मुख्यमंत्री हूं, मैं सबका हूं” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अधीर चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद एक संवैधानिक जिम्मेदारी है और उस पद पर बैठने वाले व्यक्ति से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि अब यह देखना होगा कि सरकार अपने व्यवहार और फैसलों में कितनी निष्पक्षता दिखाती है।

इस दौरान अधीर चौधरी ने मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर में युवा तृणमूल नेता पापाई घोष के करीबी के घर से आग्नेयास्त्र बरामद होने की घटना पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार हथियारों की बरामदगी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण राज्य में कई असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा