बंगाल में बम और भय की राजनीति - अधीर रंजन चौधरी
आसनसोल, 27 अप्रैल (हि. स.)।
बहरमपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी सोमवार को आसनसोल पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत कांग्रेस कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने देवदीप के पिता, पत्नी और बच्चे को सांत्वना दी तथा परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और चुनावी हिंसा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में “बम, भय और हिंसा की राजनीति” अब तृणमूल की पहचान बन चुकी है।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जब तक पश्चिम बंगाल में तृणमूल का शासन रहेगा, तब तक बम, पिस्टल, गोलीबारी, चोरी और भ्रष्टाचार का माहौल बना रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जानबूझकर भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा किया जा रहा है ताकि लोग मतदान करने से डरें और चुनाव परिणाम प्रभावित हो सके। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी अपनी संभावित हार से घबराई हुई है, इसलिए व्यापक स्तर पर हिंसा, आगजनी और डर का माहौल बनाकर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। चौधरी ने आशंका जताई कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद हिंसा और बढ़ सकती है।
आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी की हत्या का मुद्दा भी अब राष्ट्रीय राजनीति में गूंजने लगा है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि देवदीप चटर्जी एक साधारण परिवार से थे और परिवार के इकलौते सहारा थे। उनकी हत्या से परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह “तृणमूल की निर्मम हिंसा” का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले और चुनाव के बाद हिंसा आम बात हो गई है, जिससे जनता अब निजात चाहती है। कांग्रेस पार्टी इस घटना का हर स्तर पर विरोध करेगी और पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना की निंदा की है। अधीर रंजन ने कहा कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट लिखा है कि “तृणमूल की गुंडा वाहिनी” के हाथों देवदीप चटर्जी की निर्मम हत्या हुई है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस हर संभव लड़ाई लड़ेगी।
अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य के कुछ मंत्री और तृणमूल नेता इस घटना को छोटा दिखाने तथा जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने और मेडिकल अधिकारियों पर दबाव डालने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को जिला अदालत से लेकर हाइकोर्ट और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएगी। साथ ही कानूनी लड़ाई के साथ सड़क पर भी आंदोलन किया जाएगा।
दूसरे चरण के मतदान में हिंसा की आशंका जताते हुए अधीर रंजन ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बल पश्चिम बंगाल में अच्छा काम कर रहे हैं और जनता उनकी कार्यप्रणाली से संतुष्ट है। उन्होंने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने केंद्रीय बलों से अनुरोध किया कि वे पश्चिम बंगाल पुलिस पर पूरी तरह निर्भर न रहें, क्योंकि उनके अनुसार राज्य पुलिस सही और समय पर जानकारी देने में विफल हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे पर टिप्पणी करते हुए अधीर रंजन ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो वे स्वयं चुनाव करा रहे हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

