अभिषेक के विदेश उपचार मुद्दे पर अधीर ने अदालत के निर्देश पर उठाए सवाल
कोलकाता, 5 अगस्त (हि.स.)।
आंखों के उपचार के लिए तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को विदेश जाने की अनुमति नहीं मिलने के मामले में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी उनके समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कहां उपचार कराएगा, इसका निर्णय अदालत नहीं कर सकती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह न्यायालय का पूरा सम्मान करते हुए अपनी बात रख रहे हैं।
अधीर चौधरी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चिकित्सा व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और बेहतर उपचार के लिए लोगों को अपनी संपत्ति बेचकर दक्षिण भारत जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी के पास संसाधनों की कमी नहीं है। वे चाहें तो विदेश में उपचार करा सकते हैं या विदेश से चिकित्सकों को भी बुला सकते हैं। यह उनका व्यक्तिगत अधिकार है।
उन्होंने एनसीपीआई और तृणमूल के विद्रोही गुट पर भी निशाना साधा। उनका आरोप था कि दोनों दल भ्रष्ट लोगों से बने हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल भ्रष्टाचार की चर्चा करने के बजाय जनता के मौजूदा मुद्दों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। यदि लोगों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
अधीर चौधरी ने अन्नपूर्णा भंडार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले सभी को इसका लाभ देने का वादा किया गया था, लेकिन अब अनेक शर्तें जोड़ दी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का प्रत्यक्ष या परोक्ष समर्थन करने वालों के प्रति नरमी बरती जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

