हार की आशंका में भाजपा की ओर बढ़ रहे तृणमूल नेता : अधीर
कोलकाता, 28 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले राजनीतिक माहौल और गरम हो गया है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस के कई नेता अभी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संपर्क में हैं और चुनाव हारने की आशंका के बीच दल बदलने की तैयारी कर रहे हैं।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए अधीर चौधरी ने कहा कि तृणमूल के कई नेता भाजपा से संपर्क कर रहे हैं। यहां जो लोग चुनाव हारेंगे, वे अभी से भाजपा से संपर्क शुरू कर चुके हैं। भाजपा के सहारे भविष्य में राजनीतिक रूप से टिके रहने के लिए यह योजना बनाई जा रही है। बहरमपुर के कई तृणमूल नेता भी दल बदलने की योजना बना चुके हैं। इस विषय पर नगरपालिका स्तर पर चर्चा भी हो चुकी है और शिविर बदलने की तैयारी चल रही है। ये नेता पैसे कमाने की व्यवस्था पक्की करने के लिए सोच रहे हैं कि अब तृणमूल में रहने से कोई फायदा नहीं है, इसलिए भाजपा में जाने की तैयारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी एक चुनावी सभा में विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि यदि तृणमूल को दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला तो बाद में विधायकों की खरीद-फरोख्त कर भाजपा सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की थी कि वे तृणमूल के चुनाव चिह्न ‘जोड़ाफूल’ पर मतदान कर पार्टी के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। अब कांग्रेस नेता अधीर चौधरी का दावा है कि चुनाव में हारने की आशंका वाले तृणमूल नेता पहले से ही भाजपा के संपर्क में हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

