स्वच्छ और जाममुक्त आसनसोल के लिए एडीडीए ने व्यापारिक संगठनों संग की बैठक
आसनसोल, 14 जुलाई (हि.स.)।
आसनसोल शहर के समग्र विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत संरचना को लेकर मंगलवार को आसनसोल डेवलपमेंट अथॉरिटी (एडीडीए) द्वारा विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीडीए के चेयरमैन, सीईओ, आसनसोल नगर निगम की प्रशासनिक प्रमुख आईएएस अदिति चौधरी, टाउन प्लानर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभू नाथ झा ने कहा कि पहली बार प्रशासन ने व्यापारिक संगठनों की समस्याओं और सुझावों को इतने विस्तार से सुना है। उन्होंने बताया कि बाजारों में ट्रैफिक जाम, पार्किंग, अतिक्रमण, जलनिकासी और अन्य व्यावसायिक समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा गया।
आसनसोल मर्चेंट्स चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष हिरेन व्यास ने कहा कि यह बैठक शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन, प्रस्तावित पैदल मार्ग, पेयजल आपूर्ति, अंडरग्राउंड ड्रेनेज और नागरिक सुविधाओं जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उनका कहना था कि शहर के विकास के लिए प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच लगातार संवाद बनाए रखना आवश्यक है।
वहीं आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं क्रेडाई के सचिव विनोद कुमार गुप्ता ने भगत सिंह मोड़, रवींद्र भवन, हाटन रोड मोड़, आश्रम मोड़ और आसनसोल स्पोर्ट्स सेंटर के पास जेब्रा क्रॉसिंग बनाने की मांग रखी। उन्होंने हाटन रोड की नालियों की नियमित सफाई, टोटो के लिए अलग स्टैंड, दीर्घकालिक एवं अल्पकालिक पार्किंग व्यवस्था तथा प्रत्येक एक-दो महीने में समीक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया।
फेडरेशन ऑफ साउथ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष सचिन राय ने कहा कि शहर को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए फ्लाईओवर, रेलवे स्टेशन के पास स्पाइरल मल्टी-लेवल पार्किंग प्लाजा, एसबी गोराई क्षेत्र में रेलवे लाइन के समानांतर चार लेन सड़क, टोटो स्टैंड और फलपट्टी को नए बाजार परिसर में स्थानांतरित करने जैसी परियोजनाओं पर काम होना चाहिए।
बैठक के अंत में प्रशासन ने व्यापारिक संगठनों द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर चरणबद्ध तरीके से कार्य करने का भरोसा दिलाया, जबकि व्यापारिक संगठनों ने भी शहर के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

