सक्रिय मानसून से बदला बंगाल का मौसम, भारी वर्षा की चेतावनी जारी
कोलकाता, 13 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता (आरएमसी) ने सोमवार को राज्य के विभिन्न भागों में रुक-रुक कर भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आज राज्य भर में मुख्य रूप से आसमान में बादल छाए रहेंगे और अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, हवा में आर्द्रता का स्तर 80 से 90 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है, जिसके कारण आम जनजीवन को भारी उमस तथा वातावरण में भारीपन का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार को पूरे दिन गरज के साथ हल्की से भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। विशेषकर सुबह के समय कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जबकि दोपहर से लेकर शाम तक रुक-रुक कर बौछारें पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में दक्षिण-पूर्व अथवा पश्चिम दिशा से लगभग छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, वर्षा के प्रभाव से वायु गुणवत्ता संतोषजनक स्तर पर बनी रहने की संभावना है।
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना तथा दक्षिण 24 परगना जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम तथा बांकुड़ा जिलों में कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पुरुलिया में गरज-चमक के साथ वर्षा होने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में भी मानसून का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। मालदा, उत्तर दिनाजपुर तथा दक्षिण दिनाजपुर जिलों में भी रुक-रुक कर वर्षा जारी रहने का अनुमान है।
मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम तथा पूर्व बर्दवान जिलों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिम बर्दवान जिले में भी गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना बनी हुई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, कोलकाता के अधिकारियों का कहना है कि इस सप्ताह बंगाल के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहेगा। इसके कारण आगामी कुछ दिनों तक रुक-रुक कर वर्षा का यह सिलसिला अनवरत जारी रह सकता है। राज्य के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं के साथ अन्य मौसम संबंधी स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं का भी अध्ययन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

