home page

बंगाल विधानसभा में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रॉय की 165वीं जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि

 | 
बंगाल विधानसभा में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रॉय की 165वीं जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि


कोलकाता, 2 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में रविवार को महान वैज्ञानिक, शिक्षाविद और उद्योगपति आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रॉय की 165वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधानसभा के प्रिंसिपल सेक्रेटरी सोमेंद्र नाथ दास और जॉइंट सेक्रेटरी अशोक मंडल ने विधानसभा परिसर में स्थापित आचार्य रॉय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रॉय को भारत में आधुनिक रसायन विज्ञान का जनक माना जाता है। उन्होंने स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बंगाल केमिकल एंड फार्मास्युटिकल वर्क्स की स्थापना की थी। वैज्ञानिक होने के साथ-साथ वे एक प्रखर शिक्षाविद, समाज सुधारक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को आज भी देश सम्मान के साथ याद करता है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में समय-समय पर देश और राज्य की महान विभूतियों की जयंती तथा पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने की परंपरा निभाई जाती है। इसी क्रम में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रॉय की 165वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर