युवक ने की कथित झोलाछाप चिकित्सक की हत्या, सात दिन की पुलिस हिरासत
पूर्व बर्धमान, 05 फ़रवरी (हि. स.)। जिले में कथित झोलाछाप चिकित्सक की नृशंस हत्या के मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपित युवक जीवन रुइदास को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
अदालत परिसर और बाद में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आरोपित के हावभाव में किसी प्रकार का पश्चाताप नहीं देखा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने दावा किया है कि उसने यह कदम अन्य लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से उठाया।
बुधवार को जब पुलिस आरोपित को स्वास्थ्य जांच के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गई, तब मीडिया से बातचीत में उसने कहा कि पीड़ित चिकित्सक कानून की पेचदगियों और वकीलों की सहायता से बच निकलता, इसलिए उसने स्वयं न्याय करने का निर्णय लिया। आरोपित का यह भी कहना है कि गलत इलाज के कारण उसकी दादी की मृत्यु हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने यह कदम उठाया।
फांसी की सजा की संभावना के संबंध में पूछे गए सवाल पर आरोपित ने कहा कि यदि उसे फांसी भी दी जाती है, तो उसे इस बात का संतोष रहेगा कि उसने कई लोगों की जान बचाई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को आरोपित जीवन रुइदास ने कथित झोलाछाप चिकित्सक राजा भौमिक के चैंबर में घुसकर धारदार हथियार से उन पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपित स्वयं बर्धमान थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।
इधर, बुधवार को बर्धमान मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को निर्मलझिल श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

