ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सिविक वालंटियर के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता
जलपाईगुड़ी, 27 अक्टूबर (हि. स.)। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सिविक वालंटियर अजीजुल हक के परिवार को जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। मंगलवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। साथ ही, उनकी पत्नी को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है।
इस अवसर पर जलपाईगुड़ी की जिलाधिकारी अदिति चौधरी, पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापानी, महकमा शासक मोइन अहमद, राजगंज के विधायक दिनेश सरकार, बीडीओ शुभंकर दास समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक दिनेश सरकार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि अजीजुल हक की मृत्यु ड्यूटी के दौरान हुई थी। उनके परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने बताया कि अजीजुल की पत्नी को नौकरी देने के संबंध में भी चर्चा हुई है। इसके लिए उन्हें लिखित आवेदन जमा करने को कहा गया है। आवेदन मिलने के बाद जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की ड्यूटी के दौरान बाइक की टक्कर से बेलाकोबा पुलिस चौकी में तैनात सिविक वालंटियर अजीजुल हक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी असामयिक मृत्यु से बेलाकोबा इलाके में शोक की लहर फैल गई थी।
अजीजुल अपने पीछे पत्नी, महज दो साल की बेटी और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के निधन से उनके सामने आर्थिक संकट और भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। ऐसे में आर्थिक सहायता और पत्नी को रोजगार का आश्वासन परिवार के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

