हुगली में एसीबी की छापेमारी, आरोपित के घर से करोड़ों की संपत्ति उजागर
कोलकाता, 08 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की भ्रष्टाचार निवारण शाखा (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में हुगली जिले के चुंचुड़ा के बड़ाबाजार स्थित गिरफ्तार आरोपित के आवास पर छापेमारी की। यह तलाशी अभियान छह और सात अक्टूबर को चलाया गया। इस दौरान आरोपित और उसके परिजनों की वित्तीय परिसंपत्तियों तथा निवेश से संबंधित 73 आपत्तिजनक दस्तावेज और अन्य सामान जब्त किए गए।
प्रारंभिक जांच और जब्त दस्तावेजों की छानबीन में करीब एक करोड़ 32 लाख रुपये की संपत्ति और निवेश का पता चला है। जांच में सामने आया है कि इस संपत्ति का बड़ा हिस्सा पिछले पांच वर्षों के दौरान अर्जित किया गया था। एसीबी की ओर से वित्तीय दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा सात के तहत दर्ज एसीबी थाना मामला संख्या 28/2026 के संबंध में की गई है।
एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें। शिकायतकर्ता का नाम और अन्य विवरण पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
एसीबी ने शिकायत के लिए फोन नंबर 033-22625145 और व्हाट्सएप नंबर 9836233891 जारी किया है। नागरिकों की सुविधा के लिए सरकारी कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर एसीबी के क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

