home page

उलुबेरिया में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते सरकारी अधिकारी गिरफ्तार

 | 
उलुबेरिया में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते सरकारी अधिकारी गिरफ्तार


कोलकाता, 31 अगस्त (हि. स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ पश्चिम बंगाल एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को एसीबी, कोलकाता की टीम ने हावड़ा के उलुबेरिया स्थित अतिरिक्त जिला सब-रजिस्ट्रार (एडीएसआर) कार्यालय में ट्रैप अभियान चलाकर एक सरकारी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

एसीबी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने अधिकारी पर अवैध रूप से रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। ट्रैप के दौरान अधिकारी को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये स्वीकार करते हुए पकड़ा गया। रिश्वत की पूरी रकम भी उसके कब्जे से बरामद कर ली गई।आरोपित सरकारी अधिकारी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि आईपीएस अधिकारी मुरलीधर शर्मा को पश्चिम बंगाल एसीबी में जिम्मेदारी मिलने के बाद भ्रष्टाचार के मामलों में एसीबी की कार्रवाई लगातार सुर्खियों में रही है। अगस्त की शुरुआत में ही झाड़ग्राम के जामबनी बीडीओ कार्यालय में दो लाख रुपये की रिश्वत लेते एक सब-असिस्टेंट इंजीनियर को एसीबी ने गिरफ्तार किया था।

उलुबेरिया की ताजा कार्रवाई को भी भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की इसी मुहिम की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय