home page

भाजपा और एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने रानीगंज के सावित्री बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण

 | 
भाजपा और एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने रानीगंज के सावित्री बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण


पश्चिम बर्दवान, 22 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रानीगंज मंडल-1, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल-1 के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को रानीगंज के तिलक रोड स्थित सावित्री बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति और अव्यवस्था को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल में एबीवीपी के सदस्य, भाजपा ओबीसी मोर्चा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष पिंटू कुमार बर्मन, उपाध्यक्ष संजय सिंह, आईटी इंचार्ज अमित केसरी तथा बजरंग दल के सदस्य मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि विद्यालय खुलने का निर्धारित समय बीतने के बावजूद कई शिक्षक पढ़ाने के लिए नहीं पहुंचे थे। इस कारण छात्राएं विद्यालय परिसर में इधर-उधर घूमती नजर आईं और उन पर निगरानी रखने वाला भी कोई नहीं था। इस स्थिति पर प्रतिनिधिमंडल ने असंतोष जताते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि पहले चाहे जो भी स्थिति रही हो, लेकिन भाजपा के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था में इस प्रकार की अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्था में सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा