शिक्षा में राजनीति नहीं चलेगी, तुरंत छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं -एबीवीपी
सिलीगुड़ी, 06 मई (हि. स.)। शिक्षा संस्थानों में “राजनीतिक रंग” के खिलाफ और छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सिलीगुड़ी के बाबूपाड़ा स्थित विद्यार्थी कल्याण भवन में पत्रकारों से बात की।
इस दौरान संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पूजा राम और प्रदेश सचिव डीओ दत्त मौजूद रहे। बैठक में शिक्षा संस्थानों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
एबीवीपी ने साफ कहा कि कॉलेज और विश्वविद्यालयों में किसी भी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि छात्रहित सर्वोपरि है और उसी आधार पर शिक्षण संस्थानों को राजनीति से दूर रखना चाहिए।
संगठन ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही राज्य के विभिन्न शिक्षा संस्थानों में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अपनी मौजूदगी को और मजबूत किया जा सके। साथ ही एबीवीपी ने तत्काल छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठाई।
एबीवीपी के अनुसार, लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराकर छात्रों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए।
संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि शिक्षा संस्थानों में किसी भी तरह की दादागिरी या अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व पारदर्शी माहौल सुनिश्चित करने के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

