भांगड़ कॉलेज विवाद में चार गिरफ्तार, एबीवीपी ने कार्यकर्ताओं पर हमले का लगाया आरोप
कोलकाता, 22 सितंबर (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना के भांगड़ कॉलेज में सोमवार को कॉलेज प्रबंधन समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष सायंतन बसु के पहुंचने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आरोप लगाया है कि उसके दक्षिण 24 परगना विभाग के संयोजक सायन मंडल समेत कई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। एबीवीपी ने इस हमले के लिए एआईएसएफ और एसएफआई समर्थकों को जिम्मेदार बताया है।
एबीवीपी के राज्य सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य ने दावा किया कि सायन मंडल के सिर पर हथियार से वार किया गया जिससे कई अन्य कार्यकर्ता भी घायल हुए। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी की ओर से मंगलवार को जारी बयान में यह भी आरोप लगाया गया कि संगठन से जुड़ी छात्राओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां, गाली-गलौज और अशोभनीय व्यवहार किया गया। पुलिस सूत्रों के हवाले से प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, इस मामले में शाहरुख अख्तर अली मोल्ला और असलम हबीब को छात्रों की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। वहीं, पुलिस की स्वतः संज्ञान वाली प्राथमिकी में रबिउल मिस्त्री और रबिउल जमान शेख को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारियों से जुड़े मामलों में अवैध जमावड़ा, कॉलेज परिसर में प्रवेश और कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को परिसर में प्रवेश से रोकने सहित विभिन्न आरोपों की जांच की जा रही है। चारों आरोपितों को मंगलवार को बारुईपुर अदालत में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना की पृष्ठभूमि में सायंतन बसु की कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति और उनके सोमवार को पहली बार कॉलेज पहुंचने को लेकर हुआ विरोध शामिल है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, एसएफआई और एआईएसएफ मर्थित छात्रों ने उनके प्रवेश का विरोध किया, जिसके बाद एबीवीपी समर्थकों ने भी नारेबाजी की और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची।
एबीवीपी ने प्रशासन से घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान, निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा घायल कार्यकर्ताओं के समुचित इलाज की मांग की है। संगठन ने कॉलेज और आसपास के क्षेत्र में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।
पुलिस का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

