खड़गपुर में एबीवीपी की सदस्यता कार्यशाला आयोजित, नौ जुलाई से शुरू होगा सदस्यता अभियान
खड़गपुर, 05 जुलाई (हि. स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के अवसर पर नौ जुलाई से देशभर में शुरू होने वाले सदस्यता अभियान की तैयारियों के तहत रविवार को खड़गपुर स्थित संघ निवास में मेदिनीपुर जिले की ओर से सदस्यता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मेदिनीपुर जिले के विभिन्न कॉलेजों एवं नगर इकाइयों से लगभग 100 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सदस्यता अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया तथा आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में एबीवीपी के राज्य सह-संगठन मंत्री संजय मल्लिक, मेदिनीपुर विभाग संयोजक बापी दास, जिला प्रमुख शिव्येंदु रंजन, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरुणाभ दत्त सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मेदिनीपुर विभाग संयोजक बापी दास ने बताया कि नौ जुलाई से जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलेभर में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रमों की भी योजना तैयार की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

