home page

जादवपुर विश्वविद्यालय की घटनाओं पर एबीवीपी ने राज्यपाल से उच्चस्तरीय जांच की मांग की

 | 
जादवपुर विश्वविद्यालय की घटनाओं पर एबीवीपी ने राज्यपाल से उच्चस्तरीय जांच की मांग की


कोलकाता, 28 अगस्त (हि.स.)। जादवपुर विश्वविद्यालय की हाल की घटनाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को राज्यपाल तथा जादवपुर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

एबीवीपी ने पीएचडी से संबंधित कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की। इसके अलावा विश्वविद्यालय को लेकर सामने आए कथित देशविरोधी गतिविधियों के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच और विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक शिलालेख को तोड़े जाने के मामले में प्रोफेसर राजेश्वर सिन्हा के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

परिषद ने शिलालेख तोड़े जाने की घटना की कुलाधिपति अथवा उच्च शिक्षा विभाग की ओर से उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की। साथ ही जादवपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जुटा) के महासचिव पार्थप्रतिम राय के खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शुभव्रत अधिकारी, प्रदेश सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य, जादवपुर विश्वविद्यालय इकाई सचिव संजीवन दीप बर्मन, विश्वविद्यालय के शोधार्थी शुभजीत साहा और अनिंदिता दास शामिल रहे।

एबीवीपी के प्रदेश सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान से जुड़े किसी भी आरोप या अनियमितता की राजनीतिक प्रभाव से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में सामान्य शैक्षणिक वातावरण, प्रशासनिक पारदर्शिता और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रत्येक आरोप की उचित जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सामने आए आरोपों की शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही विश्वविद्यालय में सामान्य वातावरण बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता