भांगड़ में एबीवीपी के छात्रों पर हमला, आरोप आईएसएफ पर
भांगड़, 14 सितंबर (हि. स.)। छात्र संघर्ष को लेकर सोमवार को दक्षिण 24 परगना जिलान्तर्गत भांगड़ कॉलेज में तनाव फैल गया। विधायक नौशाद सिद्दिकी की पार्टी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) समर्थक छात्रों के बीच हुई झड़प में दोनों पक्षों के कुल आठ छात्र घायल हो गए।
एबीवीपी का आरोप है कि कॉलेज के आगामी कार्यक्रम को लेकर वे संबंधित अध्यापिका से बात करने गए थे। उसी समय आईएसएफ समर्थक छात्रों ने बाहरी लोगों को बुलाकर उन पर हमला कर दिया। एबीवीपी समर्थक छात्र-छात्राओं के साथ बुरी तरह मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना में कई छात्र घायल हुए हैं।
हालांकि, आईएसएफ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। पार्टी का कहना है कि शांत कॉलेज में बाहरी भाजपा समर्थकों को लाकर एबीवीपी अशांति फैलाने की कोशिश कर रही थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में संघर्ष शुरू हुआ।
घटना की सूचना पाकर भांगड़ थाने से भारी संख्या में पुलिस बल कॉलेज पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को नलमुड़ी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने भांगड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस किसी को हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई थी। कॉलेज प्रशासन ने भी इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

