एसआरएफटीआई घटना से एबीवीपी ने किया इनकार
कोलकाता, 27 सितंबर (हि. स.)। सत्यजीत राय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में रविवार को हुई घटना से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। एबीवीपी ने कहा है कि घटना को उसके संगठन से जोड़कर किया जा रहा प्रचार भ्रामक और आधारहीन है।
एबीवीपी के मुताबिक, एसआरएफटीआई में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम संस्थान की अनुमति से आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ वामपंथी छात्रों ने कार्यक्रम में बाधा दी और संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति सामने आई। इस घटना से जुड़े किसी भी पक्ष के साथ उसका कोई संगठनात्मक संबंध नहीं है। इसलिए घटना को एबीवीपी से जोड़ने का कोई आधार नहीं है।
संगठन ने कहा कि घटना में किसी छात्र पर हमला किए जाने का दावा सामने आया है, लेकिन इस संबंध में विभिन्न पक्षों के बयान अलग-अलग हैं। ऐसे में पूरी जानकारी और निष्पक्ष जांच के पहले किसी एक पक्ष के आरोप को अंतिम सत्य नहीं माना जाना चाहिए।
एबीवीपी के राज्य सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य ने कहा कि एसआरएफटीआई की घटना से संगठन का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

