एबीवीपी का 20 सितंबर को पूरे बंगाल में बांग्ला भाषा दिवस मनाने का आह्वान
कोलकाता, 19 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 20 सितंबर को पूरे पश्चिम बंगाल में ‘बांग्ला भाषा दिवस’ मनाने का आह्वान किया है। संगठन ने उत्तर दिनाजपुर के दाड़ीभिट में बांग्ला भाषा को लेकर हुई घटना को याद करते हुए इस दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है।
शनिवार को एबीवीपी के पश्चिम बंगाल प्रांत कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शुभव्रत अधिकारी, दक्षिण बंगाल प्रांत सचिव नीलकंठ भट्टाचार्य और दक्षिण बंगाल प्रांत मीडिया संयोजक अनंत बारुई उपस्थित रहे।
नीलकंठ भट्टाचार्य ने कहा कि दाड़ीभिट की घटना में दो छात्रों की मौत के बाद लंबे समय से घटना की जांच और दोषियों को सजा देने की मांग उठती रही है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी इस मामले की शीघ्र और निष्पक्ष जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करता है।
उन्होंने बताया कि नौ और दस अक्टूबर को कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में नौवां अखिल भारतीय मेडिकल एंड डेंटल स्टूडेंट्स कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से 500 से अधिक मेडिकल और डेंटल छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। एबीवीपी के मेडेविजन के तत्वावधान में होने वाले सम्मेलन में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था तथा मेडिकल और डेंटल छात्रों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श होगा।
शुभव्रत अधिकारी ने कहा कि 20 सितंबर को आधिकारिक रूप से ‘बांग्ला भाषा दिवस’ का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रविवार को दाड़ीभिट के अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट और हाजरा मोड़ पर भाषा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा 21 सितंबर से एक सप्ताह तक पश्चिम बंगाल के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसरों में एबीवीपी की ओर से बांग्ला भाषा दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बांग्ला भाषा, साहित्य, संस्कृति और बंगाल की विरासत के प्रति छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बांग्ला भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि बंगाल के इतिहास, संस्कृति और विरासत से गहराई से जुड़ी है। इसी उद्देश्य से भाषा के सम्मान और छात्र समाज की जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए यह पहल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

