home page

हल्दिया सभा में ममता का ऐलान, मेदिनीपुर की जिम्मेदारी अभिषेक को

 | 
हल्दिया सभा में ममता का ऐलान, मेदिनीपुर की जिम्मेदारी अभिषेक को


पूर्व मेदिनीपुर, 21 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार हल्दिया की चुनावी सभा में बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मेदिनीपुर जिले के विकास और संगठन की जिम्मेदारी अभिषेक बनर्जी संभालेंगे।

सभा के दौरान ममता बनर्जी ने बिना नाम लिए भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और उनके परिवार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के कई सदस्य सांसद और विधायक बने हुए हैं, जबकि उनके परिवार से चुनाव में केवल वही खड़ी होती हैं।

ममता ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को रोज़ गालियां दी जाती हैं, लेकिन उनसे राजनीतिक मुकाबला करना आसान नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि भविष्य में मेदिनीपुर की जिम्मेदारी अभिषेक ही संभालेंगे और पार्टी वहां संगठन को मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में नंदीग्राम में मतगणना के दौरान बिजली कटौती कर ईवीएम से छेड़छाड़ की कोशिश हुई थी। उन्होंने आशंका जताई कि इस बार भी ऐसी घटना हो सकती है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने नंदीग्राम की घटनाओं और हल्दिया से कथित तौर पर होने वाली कटमनी को लेकर भी विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता