home page

नेताजी की उक्ति को लेकर योगी पर अभिषेक बनर्जी का तीखा प्रहार

 | 
नेताजी की उक्ति को लेकर योगी पर अभिषेक बनर्जी का तीखा प्रहार


कोलकाता, 21 अप्रैल (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को बड़जोड़ा में चुनावी सभा के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर कहा कि भाजपा नेतृत्व बंगाल की संस्कृति और महान विभूतियों के बारे में कुछ नहीं जानता।

बड़जोड़ा में तृणमूल उम्मीदवार गौतम मिश्रा के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा बार-बार बंगाल के महापुरुषों के नाम और विचारों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ऐसा जवाब देना होगा कि आने वाले सौ वर्षों तक बंगाल के साथ विश्वासघात करने से पहले वे कई बार सोचें।

उन्होंने कहा कि हाल ही में बंगाल में प्रचार के लिए आए योगी आदित्यनाथ ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रसिद्ध नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” को स्वामी विवेकानंद का बताया, जिसे लेकर पूरे राज्य में आलोचना हो रही है।

अभिषेक ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को बंगाल के महान व्यक्तित्वों के बारे में सही जानकारी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि कभी रवींद्रनाथ टैगोर के जन्मस्थान को लेकर गलत बातें कही जाती हैं, तो कभी उनके नाम तक को गलत बोला जाता है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान केंद्र की पूरी ताकत लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि एक ओर बंगाल की एक महिला नेतृत्व है और दूसरी ओर देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, वित्त मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, रेल मंत्री सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हैं, फिर भी सभी सर्वेक्षणों में तृणमूल कांग्रेस की वापसी की बात कही जा रही है।

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि जनता इस बार मतदान के जरिए भाजपा को कड़ा जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता