संदेशखाली मुद्दे पर अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर निशाना, रेखा पात्र को घेरा
हिंगलगंज, 17 अप्रैल (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को हिंगलगंज में आयोजित एक जनसभा से भाजपा पर निशाना साधा और संदेशखाली मामले को लेकर भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्र को घेरा।
हिंगलगंज के नेबुखाली बस स्टैंड के पास आयोजित सभा में, पार्टी उम्मीदवार आनंद सरकार के समर्थन में बोलते हुए अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि संदेशखाली, हिंगलगंज और हसनाबाद जैसे क्षेत्रों को देश के सामने बदनाम किया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में रेखा पात्र की प्रमुख भूमिका रही है।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि संदेशखाली में महिलाओं से खाली कागज पर हस्ताक्षर करवाकर झूठे आरोप दर्ज कराए गए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इन इलाकों को पूरे देश के सामने छोटा किया, उनकी नेता रेखा पात्र थीं। इस चुनाव में उन्हें इसका जवाब देना होगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव प्रतिरोध और विरोध का चुनाव है और हर पंचायत में तृणमूल कांग्रेस को अधिक मतों से विजयी बनाना चाहिए।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर हिम्मत है तो चार तारीख को दोपहर 12 बजे के बाद कोलकाता में रहिए। खेल आपने शुरू किया है, उसे खत्म तृणमूल करेगी। मैं चार तारीख को आपके चेहरे देखना चाहता हूं।
सभा के दौरान उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चुनाव के बाद सभी आरोपों और घटनाओं का हिसाब लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

