राजबंशी समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप, अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कूचबिहार, 07 अप्रैल (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उत्तर बंगाल के राजबंशी समुदाय के “गौरव और आत्मसम्मान” को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने के कारण ऐसा हुआ है।
कूचबिहार जिले के नताबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग पर केंद्र सरकार अब तक कोई जवाब नहीं दे पाई है। उन्होंने कहा कि इससे इस समुदाय के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, जिनकी अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपरा है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राजबंशी समुदाय से झूठे वादे किए। बनर्जी ने कहा कि अमित शाह ने 2019, 2021 और 2024 के चुनाव अभियानों में समुदाय के लोगों से ‘नारायणी सेना’ बटालियन बनाने का वादा किया था, लेकिन केंद्र सरकार अब तक इसे पूरा नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा कि कूचबिहार जिले में राजबंशी समुदाय बड़ी संख्या में मतदाता हैं और उनके साथ किए गए वादों को पूरा न करना केंद्र सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

