डायमंड हार्बर में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ नया मामला, ‘सेवाश्रय’ शिविर जांच के घेरे में
कोलकाता, 03 जुलाई (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में एक नया मामला दर्ज किया गया है। इस बार उनके द्वारा संचालित ‘सेवाश्रय’ स्वास्थ्य शिविरों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि इन शिविरों में बिना वैध अनुमति के चिकित्सा केंद्र चलाए गए और वहां अवैध रूप से दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रायनगर निवासी सुकदेव दास की शिकायत के आधार पर डायमंड हार्बर थाने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिविरों में रेडियोधर्मी पदार्थों का भी अवैध उपयोग किया गया, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।
पुलिस ने सांसद अभिषेक बनर्जी सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया है। इसके अलावा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, परमाणु ऊर्जा अधिनियम, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, पीसीपीएनडीटी अधिनियम तथा पश्चिम बंगाल क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट अधिनियम के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अभिषेक बनर्जी और अन्य लोग सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत विभिन्न स्थानों पर अनधिकृत चिकित्सा केंद्र चला रहे थे, जहां नियमों के विरुद्ध इलाज, दवा वितरण और जांच संबंधी उपकरणों का उपयोग किया गया। इससे जनस्वास्थ्य और सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ।
मामले में आपराधिक साजिश और जनसुरक्षा में बाधा समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। डायमंड हार्बर एसडीपीओ कार्यालय को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस सभी आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान अभिषेक बनर्जी ने अपने संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर में ‘सेवाश्रय’ नाम से मुफ्त स्वास्थ्य शिविर शुरू किए थे। इन शिविरों में दूर-दराज क्षेत्रों के साथ अन्य राज्यों से भी लोग इलाज कराने पहुंचते थे। यह परियोजना काफी लोकप्रिय हुई थी और भविष्य में इसे राज्य के अन्य हिस्सों में भी शुरू करने की योजना की घोषणा की गई थी।
हालांकि विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद अभिषेक बनर्जी लगातार विभिन्न कानूनी मामलों में जांच एजेंसियों के निशाने पर हैं। इसी बीच गुरुवार रात अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि पिछले दो सप्ताह में उनके और उनके कार्यालय से जुड़े करीब 25 लोगों को पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया गया है। उनका आरोप है कि कई लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया और कुछ को घर से उठाकर ले जाया गया ताकि उनके खिलाफ बयान दर्ज कराया जा सके। इसी घटनाक्रम के बीच अब ‘सेवाश्रय’ शिविरों में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर उनके खिलाफ यह नया मामला दर्ज हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

