home page

वोटर लिस्ट से नाम कटने पर अभिषेक बनर्जी का भरोसा, एक महीने में मताधिकार लौटाने का वादा

 | 
वोटर लिस्ट से नाम कटने पर अभिषेक बनर्जी का भरोसा, एक महीने में मताधिकार लौटाने का वादा


मुर्शिदाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची से नाम हटने के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार दोपहर मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ‘डिलीटेड’ मतदाताओं को बड़ा आश्वासन दिया।

रेजीनगर के शक्तिपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रताप संघ खेल मैदान में रेजीनगर और भरतपुर विधानसभा सीट के तृणमूल उम्मीदवारों अताउर रहमान और मुस्ताफिजुर रहमान सुमन के समर्थन में सभा आयोजित की गई थी। इस दौरान अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर चार मई को ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार बनती है तो जिन लोगों के नाम चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से हटा दिए हैं, उन्हें एक महीने के भीतर उनका मतदान अधिकार वापस दिलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे इस राज्य और देश के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पहले भी बंगाल में एनआरसी लागू नहीं होने देने की बात कह चुकी है और पिछले पांच वर्षों में राज्य में एनआरसी लागू नहीं हुआ।

सभा में अभिषेक बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस जिले में भाजपा और कांग्रेस के अलावा हुमायूं कबीर की पार्टी आमजनता उन्नयन पार्टी तथा असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी तृणमूल के खिलाफ मैदान में हैं।

हाल ही में हुमायूं कबीर से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के मुद्दे पर भी अभिषेक ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि वह वीडियो एआई से बनाया गया फर्जी वीडियो है, तो फिर उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने इस्तीफा क्यों दिया और एआईएमआईएम ने उनसे दूरी क्यों बनाई।

उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजिनगर सीट से तृणमूल कांग्रेस ने आताउर रहमान को उम्मीदवार बनाया है, जबकि हुमायूं कबीर इस बार नओदा और रेजिनगर—दोनों सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता