बुलडोजर चला कर मेरी आवाज को दबाया नहीं जा सकता : अभिषेक बनर्जी
कोलकाता, 12 नवंबर (हि. स.)। कालीघाट स्थित अपने आवास के सामने फुटपाथ पर बने अस्थायी सुरक्षा शेड को बुलडोजर से हटाए जाने की कार्रवाई के बाद तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इस कार्रवाई के पीछे राजनीतिक प्रतिशोध का संकेत देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी भी परिस्थिति में दबाया नहीं जा सकता और अंतिम सांस तक वे अपने रुख से पीछे नहीं हटेंगे।
अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि चाहे कितने भी बुलडोजर क्यों न लाए जाएं, कोई भी बुलडोजर मेरी आवाज को दबा नहीं सकता और न ही मेरे दृढ़ संकल्प को तोड़ सकता है। 'बंगाल विरोधियों' के खिलाफ मेरी लड़ाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। अपनी अंतिम सांस तक न तो मैं पीछे हटूंगा और न ही एक इंच जमीन छोड़ूंगा।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह से ही कालीघाट रोड स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास के मुख्य द्वार के बाहर भारी संख्या में केंद्रीय बलों और कोलकाता पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर लगाकर फुटपाथ से सटे एक अस्थायी शेड को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अभिषेक के कार्यालय की ओर से पहले ही स्पष्ट किया गया था कि सुरक्षा कारणों से राज्य पुलिस के डायरेक्टरेट ऑफ सिक्योरिटी की ओर से उक्त अस्थायी ढांचे का निर्माण कराया गया था।
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद अभिषेक बनर्जी की तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया से राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

