अभिषेक बनर्जी ने किया बड़जोड़ा के विकास का वादा
बांकुड़ा, 21 अप्रैल (हि. स.)। प्रथम चरण के मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को बांकुड़ा जिले के बड़जोड़ा के गंगाजलघाटी फुटबॉल मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस सभा में उन्होंने बड़जोड़ा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार गौतम मिश्रा (श्याम) के समर्थन में प्रचार किया।
सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यदि श्याम मिश्रा को जीत दिलाई जाती है तो बड़जोड़ा के समग्र विकास की जिम्मेदारी वह स्वयं लेंगे। उन्होंने अपने भाषण में तृणमूल सरकार द्वारा क्षेत्र में किए गए विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बड़जोड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज या दुर्गापुर जाना पड़ता था, लेकिन अब बड़जोड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कई तरह की बीमारियों का इलाज शुरू हो चुका है। यहां कीमोथेरेपी, डायलिसिस और ब्लड बैंक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
अभिषेक बनर्जी ने बताया कि वर्ष 2021 के चुनाव में उन्होंने यहां फायर ब्रिगेड स्थापित करने का वादा किया था। उस चुनाव में तृणमूल के उम्मीदवार की जीत के बाद यह वादा भी पूरा किया गया। इसके अलावा क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज, कर्मतीर्थ और किसान मंडी की स्थापना भी की गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इस इलाके में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले पांच वर्षों में 160 करोड़ रुपये की लागत से और सड़कें बनाई जाएंगी।
अभिषेक बनर्जी ने नल के माध्यम से पेयजल आपूर्ति और आवास परियोजनाओं के कार्यों को भी आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

