अभिषेक बनर्जी के फरार पीए की तलाश में पुलिस ने ससुराल और कई ठिकानों पर की छापेमारी
कोलकाता, 13 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यकारी सहायक सुमित रॉय की तलाश में पुलिस ने शनिवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने कोलकाता स्थित उनके आवास, हुगली जिले के घर तथा श्रीरामपुर स्थित उनके ससुराल में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सुमित रॉय का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुमित रॉय पिछले कुछ दिनों से फरार हैं और उनकी तलाश एक कथित भूमि संबंधी मामले में की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को उनके मोबाइल फोन की अंतिम टावर लोकेशन अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के आसपास मिली थी। इसी सूचना के आधार पर शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे पुलिस की एक टीम कालीघाट पहुंची। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर बाहरी दरवाजे का ताला तोड़कर तलाशी ली गई, हालांकि वहां भी सुमित रॉय नहीं मिले। पुलिस टीम सुबह लगभग आठ बजे वहां से लौट गई।
इसके बाद पुलिस ने हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित विवेकानंद सरणी इलाके में सुमित रॉय के ससुराल में भी तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय सूत्रों से पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह अक्सर वहां आते-जाते थे। हालांकि सुमित की सास ने बताया कि वह पिछले दो-तीन दिनों से वहां नहीं आए हैं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि परिवार की निजता प्रभावित हो रही है और पुलिस को सही तरीके से जांच कर उन्हें तलाशना चाहिए।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हाल ही में भूमि भ्रष्टाचार के एक मामले में पश्चिम मेदिनीपुर के पूर्व विधायक सुजय हाजरा को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान कुछ वित्तीय लेनदेन के सुराग मिले, जिनकी कड़ियां आगे बढ़ने पर सुमित रॉय का नाम सामने आया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उस मामले में उनकी प्रत्यक्ष भूमिका क्या है।
पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बताया कि सुजय हाजरा की गिरफ्तारी के बाद मिले सुरागों के आधार पर सुमित रॉय की तलाश शुरू की गई। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया है। पुलिस का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

