डीजे टिप्पणी मामले में अभिषेक बनर्जी ने विधाननगर अदालत में दिया आवाज़ का नमूना
कोलकाता, 15 जुलाई (हि.स.)। बहुचर्चित डीजे टिप्पणी मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी बुधवार को अपना आवाज का नमूना (वॉयस सैंपल) देने के लिए विधाननगर अदालत पहुंचे।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे अभिषेक बनर्जी अपने कालीघाट स्थित आवास से रवाना हुए और निर्धारित समय से पहले अदालत पहुंच गए। उनकी पेशी को देखते हुए विधाननगर अदालत परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय बलों और पुलिस की भारी तैनाती की गई थी।
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी लंबे समय से इस मामले में वॉयस सैंपल देने को लेकर कानूनी प्रक्रिया में लगे हुए थे। उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट में यह दलील दी थी कि जब वह पहले ही विवादित डीजे संबंधी टिप्पणी को अपना बता चुके हैं, तब आवाज का नमूना लेने की आवश्यकता नहीं है।
हालांकि, हाई कोर्ट ने जांच में सहयोग करने का निर्देश देते हुए उनकी दलील खारिज कर दी थी और स्पष्ट कहा था कि जांच में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अदालत की टिप्पणी के बाद अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को अदालत में उपस्थित होकर कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी आवाज का नमूना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

