home page

मतदाता सूची को लेकर अभिषेक बनर्जी के गंभीर आरोप, चुनाव आयोग से मांगा जवाब

 | 
मतदाता सूची को लेकर अभिषेक बनर्जी के गंभीर आरोप, चुनाव आयोग से मांगा जवाब


कोलकाता, 30 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंता जताई और निर्वाचन आयोग से जवाब की मांग की।

अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों में हस्तक्षेप की एक संगठित कोशिश के संकेत मिल रहे हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है।

उन्होंने दावा किया कि विभिन्न जिलों से विश्वसनीय सूचनाएं मिल रही हैं कि बड़ी संख्या में फॉर्म-6, यानी नए मतदाताओं के आवेदन, संदिग्ध तरीके से जमा किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, ये सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा नहीं हैं और आशंका है कि इनमें ऐसे लोगों के नाम शामिल किए जा रहे हैं, जिनका राज्य से कोई वास्तविक संबंध नहीं है—न वे यहां रहते हैं, न काम करते हैं और न ही उनका राज्य से कोई सरोकार है।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि एक वीडियो में बड़ी संख्या में ऐसे फॉर्मों को एक साथ प्रोसेस और जमा करते हुए दिखाया गया है, जिससे इस पूरी प्रक्रिया के पैमाने और मंशा पर सवाल उठते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों में भी चुनाव के दौरान इस तरह की मामले सामने आई हैं और बंगाल को इस स्थिति में नहीं जाने दिया जा सकता।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस मुद्दे पर ध्यान दें, सवाल उठाएं और अपने वोट की सुरक्षा को लेकर सजग रहें, क्योंकि यह केवल राजनीति का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की विश्वसनीयता का विषय है।

अंत में उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को इस पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए और आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय