अभिषेक बनर्जी ने अमित शाह और भाजपा को दी चुनौती, विकास का ‘रिपोर्ट कार्ड’ किया पेश
कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को दक्षिण 24 परगना के पैलान में आयोजित चुनावी जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विकास कार्यों का ‘रिपोर्ट कार्ड’ पेश करते हुए भाजपा नेतृत्व को खुली चुनौती दी।
सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि अमित शाह बंगाल आकर लोगों को डराने और धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर साहस है तो चार तारीख को बंगाल में रुकें और चुनाव परिणाम के बाद जनता का फैसला देखें। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल की जनता जवाब देना जानती है और परिणाम आने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी।
भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग बंगाल को बदलने आए थे, वे खुद ही बदल गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन्होंने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी थी, वही अब चुनाव प्रचार में आम लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
जनसभा में अभिषेक बनर्जी ने राज्य सरकार के विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा भी दिया। उन्होंने कहा कि डायमंड हार्बर क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में 6200 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। विष्णुपुर इलाके में 500 से अधिक हाईमास्ट लाइट लगाए गए हैं और 116 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है। उन्होंने ‘सेबाश्रय’ जैसी सामाजिक योजनाओं का भी उल्लेख किया।
केंद्र सरकार पर ‘बंगाल को वंचित करने’ का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि तमाम बाधाओं के बावजूद डायमंड हार्बर ने विकास का उदाहरण पेश किया है। नोटबंदी और एसआईआर के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र को घेरा और कहा कि लोगों को लाइनों में खड़ा किया गया, जिसका जवाब जनता मतदान के जरिए देगी।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि 29 तारीख को चाहे कितनी भी कठिनाई हो, वे मतदान जरूर करें। साथ ही जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। यदि उनकी सरकार चौथी बार बनती है, तो एक महीने के भीतर सभी नाम फिर से सूची में शामिल किए जाएंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

