home page

(चुनाव 26) जालंगी रैली में अभिषेक का आरोप : भाजपा की तीन एजेंसियां कर रहीं काम

 | 
(चुनाव 26) जालंगी रैली में अभिषेक का आरोप : भाजपा की तीन एजेंसियां कर रहीं काम


मुर्शिदाबाद, 06 अप्रैल (हि. स.)। जिले में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। जालंगी के सादिखांरदियार विद्यानिकेतन मैदान में आयोजित जनसभा से उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में भाजपा की “तीन एजेंसियां” काम कर रही हैं।

सभा को सम्बोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने भारतीय चुनाव आयोग, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और असद्दुदीन ओवैसी के साथ-साथ हुमायूं कबीर पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आम जनता उन्नयन पार्टी के हुमायूं कबीर और एआईएमआईएम नेता ओवैसी को जो केंद्रीय सुरक्षा मिलती है, उसी तरह की सुरक्षा कांग्रेस उम्मीदवार अधीर चौधरी को भी मिलती है।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इन नेताओं में से किसी को भी वोट देना सीधे तौर पर भाजपा को वोट देने के समान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की उकसावे की राजनीति में न आएं।

इस दौरान अभिषेक बनर्जी ने जालंगी से तृणमूल उम्मीदवार बाबर अली और डोमकल से उम्मीदवार हुमायूं कबीर के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने अपने भाषण में भाजपा और कथित “एजेंसियों” के खिलाफ जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद में भाजपा की तीन एजेंसियां सक्रिय हैं— पहली, चुनाव आयोग, जिसके प्रमुख के रूप में उन्होंने ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वे मतदाताओं के नाम हटाने का काम कर रहे हैं; दूसरी, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, जिनकी सुरक्षा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन केंद्रीय बल कर रहे हैं; और तीसरी, आम जनता उन्नयन पार्टी के हुमायूं कबीर और ओवैसी।

अपने भाषण में उन्होंने तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि “मीम और डीम” जैसे नाम लेने से सभा का माहौल खराब होता है, और विपक्षी दलों पर अप्रत्यक्ष रूप से विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय