home page

अभिषेक बनर्जी की जनसभाओं की तारीख बदली, सियासी चर्चाएं तेज

 | 
अभिषेक बनर्जी की जनसभाओं की तारीख बदली, सियासी चर्चाएं तेज


कूचबिहार, 24 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की कूचबिहार में होने वाली दो जनसभाओं की तारीख में बदलाव किया गया है।

पहले पार्टी की ओर से घोषणा की गई थी कि 26 मार्च को नटाबाड़ी और 31 मार्च को माथाभांगा के शीतलकुची विधानसभा क्षेत्र में उनकी जनसभाएं होंगी। नटाबाड़ी की सभा चिलाखाना फुटबॉल मैदान में और शीतलकुची की सभा पंचायत समिति मैदान में प्रस्तावित थी।

अब नई तारीख के अनुसार, शीतलकुची की सभा 31 मार्च के बजाय एक अप्रैल को और नटाबाड़ी की सभा 26 मार्च के बजाय सात अप्रैल को आयोजित होगी। इस बदलाव की जानकारी तृणमूल के जिला अध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक ने सोशल मीडिया के जरिए दी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कूचबिहार में ममता बनर्जी की प्रस्तावित जनसभा की तारीख भी पहले 24-25 मार्च के आसपास थी, जिसे हाल ही में बदल दिया गया है। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई है।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि 26 मार्च को नटाबाड़ी में रामनवमी और अष्टमी स्नान का बड़ा मेला होने के कारण सभा की तारीख बदलने का अनुरोध किया गया था।

जानकारों के अनुसार, तृणमूल नेतृत्व कूचबिहार की सभाओं को रणनीतिक रूप से अहम मान रहा है। संभावना है कि पीएम या भाजपा के अन्य बड़े नेता यहां पहले जनसभा करेंगे, जिसके बाद तृणमूल अपने शीर्ष नेताओं को मैदान में उतारकर उनके संदेश का जवाब देना चाहती है। इसी रणनीति के तहत तारीखों में बदलाव किया गया माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार