home page

डीजे टिप्पणी मामले में सीआईडी के समक्ष पेश हुए अभिषेक बनर्जी, लगातार तीसरे दिन पूछताछ का सामना

 | 
डीजे टिप्पणी मामले में सीआईडी के समक्ष पेश हुए अभिषेक बनर्जी, लगातार तीसरे दिन पूछताछ का सामना


कोलकाता, 16 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी मंगलवार को कथित डीजे बजाने संबंधी टिप्पणी मामले में पूछताछ के लिए राज्य की जांच एजेंसी सीआईडी के समक्ष पेश हुए। लगातार तीसरे दिन किसी न किसी मामले में जांच एजेंसियों के सवालों का सामना कर रहे अभिषेक निर्धारित समय से ठीक पहले भवानी भवन स्थित सीआईडी मुख्यालय पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी मंगलवार सुबह लगभग 11:45 बजे कालीघाट स्थित अपने आवास से वकील के साथ रवाना हुए और दोपहर 12 बजे से कुछ मिनट पहले सीआईडी कार्यालय पहुंचे। उनकी पेशी को देखते हुए भवानी भवन परिसर और आसपास के इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

बताया जा रहा है कि जांच अधिकारियों ने मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए प्रश्नों की विस्तृत सूची तैयार की है। अभिषेक से कई अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा सकती है और उनका बयान भी दर्ज किया जा सकता है। इससे पहले वह विधानसभा हस्ताक्षर जालसाजी मामले में सीआईडी के समक्ष पेश हुए थे, जबकि सोमवार को उन्हें शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के सवालों का सामना करना पड़ा था।

यह मामला विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी द्वारा भाजपा को लेकर की गई एक विवादित टिप्पणी से जुड़ा है। चुनावी सभा में उन्होंने कहा था कि चार मई के बाद तृणमूल कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी और तब भाजपा नेताओं के घरों के सामने डीजे बजाया जाएगा। इस टिप्पणी को लेकर विरोध जताया गया था और बाद में उनके खिलाफ बिधाननगर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

बाद में मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी गई। गत शुक्रवार को जांच अधिकारी अभिषेक के आवास पर पहुंचकर उन्हें समन सौंप गए थे। उसी समन के आधार पर वह मंगलवार को पूछताछ के लिए सीआईडी कार्यालय पहुंचे।

इस बीच, मामले के शिकायतकर्ता राजीव सरकार भी मंगलवार को अभिषेक के पहुंचने से पहले भवानी भवन पहुंचे। उन्होंने जांच अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा और कहा कि इस मामले में आगे वह अदालत का भी रुख करेंगे। सीआईडी पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर