home page

सबंग में महिला से दुर्व्यवहार को लेकर अभिषेक बनर्जी ने दी चेतावनी

 | 
सबंग में महिला से दुर्व्यवहार को लेकर अभिषेक बनर्जी ने दी चेतावनी


कोलकाता, 17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम मिदनापुर जिले के सबंग में चुनाव प्रचार के दौरान हरिजन पल्ली में एक महिला और उसकी छोटी बच्ची के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि उनके पास सभी के नाम मौजूद हैं और चार तारीख के बाद सभी को पीड़ित महिला तथा उसकी दो वर्ष की बच्ची के सामने माफी मांगनी होगी।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात सबंग विधानसभा क्षेत्र के हरिजन पल्ली इलाके में स्थानीय गृहिणी साथी घोराई कुइला की छोटी बच्ची से कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी का एक पोस्टर गलती से फट गया। आरोप है कि इसके बाद पार्टी के कुछ कार्यकर्ता महिला के घर पहुंच गए। बच्ची के सामने ही महिला को धमकाया गया और उसके साथ मारपीट भी की गई।

इस मामले में सबंग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के विरोध में अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी की ओर से शिकायत दी गई है। आठ आरोपितों में से एक को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद व्यक्त की।

अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया कि वामपंथी दल से जुड़े कुछ असामाजिक तत्व अब दल बदलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं और इलाके की शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता