home page

अभिषेक बनर्जी काउंटिंग एजेंटों के साथ करेगें महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक

 | 
अभिषेक बनर्जी काउंटिंग एजेंटों के साथ करेगें महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक


आसनसोल, 01 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी को लेकर उठे सवालों के बीच तृणमूल कांग्रेस अब मतगणना की तैयारियों को लेकर सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पार्टी के सेकेंड-इन-कमांड अभिषेक बनर्जी ने काउंटिंग एजेंटों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक शनिवार को शाम आयोजित होगी, जिसमें एजेंटों को मतगणना प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका विस्तार से समझाई जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, एग्जिट पोल पर निर्भर रहने के बजाय अंतिम क्षण तक पूरी सतर्कता और दृढ़ता के साथ डटे रहना जरूरी है। काउंटिंग एजेंटों की सूची पहले ही तैयार की जा चुकी है और उन्हें शांत दिमाग से पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए जा सकते हैं।

तृणमूल कांग्रेस पहले ही संभावित गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा कड़ी कर चुकी है। अब पार्टी चाहती है कि मतगणना केंद्र के अंदर भी एजेंट पूरी मुस्तैदी से निगरानी रखें। काउंटिंग खत्म होने तक कोई भी एजेंट अपनी जिम्मेदारी न छोड़े। यदि किसी कारणवश बाहर जाना पड़े तो तुरंत वैकल्पिक एजेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा, मतगणना के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने और तुरंत कार्रवाई करने पर भी जोर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित उम्मीदवारों को तुरंत जानकारी देने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं। साथ ही एजेंटों को किसी भी तरह के उकसावे में न आने की सलाह दी जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

गौरतलब है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान भी अभिषेक बनर्जी लगातार वर्चुअल बैठकों के जरिए बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए-1 और बीएलए-2) के साथ संपर्क में रहे थे। नवंबर से फरवरी के बीच उन्होंने कई बैठकें कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया था। मार्च में चुनाव की घोषणा और प्रचार शुरू होने के बाद ऐसी बैठकों में कमी आई थी, लेकिन अब मतगणना से पहले एक बार फिर इस बैठक को अहम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा