एनकाउंटर का 100 प्रतिशत समर्थन करता हूं : अभिजीत गांगुली
कोलकाता, 16 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में पिछले छह महीनों के दौरान पांच एनकाउंटर की घटनाओं को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। इस बीच कलकत्ता उच्च न्यायालय के अवकाशप्राप्त न्यायाधीश और भाजपा सांसद अभिजीत गांगुली ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि वह एनकाउंटर का 100 प्रतिशत समर्थन करते हैं।
सोमवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के महिषादल राज कॉलेज के संस्थापक राजा देवप्रसाद गर्ग की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे गांगुली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि न्यायालय में किसी मामले का अंतिम फैसला कब होगा, यह कोई नहीं जानता। न्यायिक प्रक्रिया में काफी समय लगता है, जबकि आम लोगों की अपेक्षा रहती है कि अपराधियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि पुलिस जब किसी आरोपित को घटनास्थल पर जांच के लिए ले जाती है और वह पुलिस पर हमला करता है, तो पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ती है। ऐसी स्थिति में आरोपित की मौत हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह किसी की जानबूझकर की गई न्यायेतर हत्या नहीं है।
एनकाउंटर को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच भाजपा सांसद ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया। उनका कहना था कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की समाज में अपेक्षा रहती है, लेकिन न्यायिक व्यवस्था में मामलों के निपटारे में लंबा समय लग सकता है।
इस दौरान भाजपा नेताओं पर रंगदारी वसूली के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। गांगुली ने कहा कि चार मई के बाद भाजपा में शामिल हुए कुछ लोग इस तरह की घटनाओं में शामिल हैं। पार्टी इस मामले को गंभीरता से देख रही है और जल्द ही रंगदारी की घटनाओं पर रोक लगेगी।
उल्लेखनीय है कि बारुईपुर, गायघाटा, समशेरगंज और रायगंज सहित राज्य के विभिन्न इलाकों में हाल के महीनों में पुलिस मुठभेड़ की घटनाएं हुई हैं। हाल ही में बीरभूम जिले के बोलपुर में पुलिसकर्मी विश्वजीत दास पर एक आरोपित ने गोली चलाई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित रतन शेख की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद राज्य में पुलिस मुठभेड़ और न्यायिक प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

