home page

कोलकाता में सुरक्षा प्रबंधकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

 | 
कोलकाता में सुरक्षा प्रबंधकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


कोलकाता, 27 जुलाई (हि. स.)। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के क्षेत्रीय मुख्यालय (पूर्वी क्षेत्र) की ओर से सोमवार से कोलकाता में सुरक्षा प्रबंधकों के लिए पांच दिवसीय सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली (एसएमएस) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 27 से 31 जुलाई तक चलेगा।कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र) हरगोविंद मीणा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कोलकाता के निदेशक विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

इस प्रशिक्षण में देश के विभिन्न हवाई अड्डों से आए 25 सुरक्षा प्रबंधक भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मानकों के अनुरूप भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के हवाई अड्डों पर सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को और प्रभावी बनाना है।

हरगोविंद मीणा ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि हवाई अड्डों के संचालन में संभावित सुरक्षा जोखिमों की समय रहते पहचान और उनके प्रभावी समाधान के लिए सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रबंधकों का नियमित प्रशिक्षण परिचालन सुरक्षा को मजबूत करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए आवश्यक है।

हवाई अड्डा निदेशक विक्रम सिंह ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान साझा किए जाने वाले अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करेंगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुरक्षा नीति, जोखिम प्रबंधन, सुरक्षा आश्वासन, सुरक्षा संवर्धन तथा संबंधित नियामकीय प्रावधानों जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन सत्रों का संचालन अनुभवी प्रशिक्षकों और सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने कहा कि यह पहल सभी हवाई अड्डों पर मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने, सुरक्षा अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने तथा विमानन सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखने की उसकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता