आदित्य सिंह से पूछताछ में खुलासा - उमेश राय की गतिविधियों पर रख रहा था नजर, तस्वीरें हमीम मंडल को भेजने का आरोप
कोलकाता, 03 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार को हावड़ा के बेलिलियस रोड से आदित्य सिंह उर्फ राज को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि आदित्य, आतंकवादी गतिविधियों के आरोप में पहले से गिरफ्तार हमीम मंडल के संपर्क में था और उसे राज्य के मंत्री उमेश राय की गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे पता चलता है कि आदित्य उमेश राय की आवाजाही और गतिविधियों की तस्वीरें लेकर हमीम मंडल को भेजता था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या मंत्री पर किसी संभावित हमले की साजिश भी रची जा रही थी।
एसटीएफ आदित्य सिंह से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से हमीम मंडल के नेटवर्क और उसके अन्य संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
गौरतलब है कि हमीम मंडल को गत सप्ताह पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार किया गया था। एसटीएफ का दावा है कि उसके प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध थे। जांच एजेंसी के अनुसार, वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पर हमले की साजिश में भी शामिल था।
इस मामले में इससे पहले हमीम मंडल की सहयोगी अर्पिता सरकार को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसे प्रभावशाली लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर संवेदनशील जानकारी जुटाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
फिलहाल एसटीएफ आदित्य सिंह की भूमिका, उसके संपर्कों और कथित साजिश के पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

