दिलीप घोष ने खड़गपुर में आधुनिक आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया
कोलकाता, 15 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने सोमवार को खड़गपुर में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र (एएसके) का उद्घाटन किया। इस मौके पर पश्चिम मेदिनीपुर के जिलाधिकारी एवं कलेक्टर बिजिन कृष्णा, पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना (आईपीएस) सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में यूआईडीएआई राज्य कार्यालय, कोलकाता के निदेशक शुभदीप चौधरी भी शामिल हुए।
नए आधार सेवा केंद्र की शुरुआत को जिले और आसपास के क्षेत्रों में आधार सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इस केंद्र में आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आधार नामांकन और अपडेट की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और लोगों के लिए सुविधाजनक होगी।
अब तक पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना (सॉल्ट लेक), हावड़ा, पश्चिम बर्दवान (आसनसोल), नदिया (कृष्णानगर), मुर्शिदाबाद (बहरमपुर), मालदा, दार्जिलिंग (सिलीगुड़ी) और कूचबिहार सहित आठ जिलों में यूआईडीएआई द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र काम कर रहे थे।
इसके अलावा पिछले एक महीने में दक्षिण 24 परगना (सोनारपुर), हुगली (चिनसुरा), पूर्व बर्दवान (बर्दवान) और पुरुलिया में भी चार नए केंद्र शुरू किए गए हैं। पश्चिम मेदिनीपुर में आज केंद्र शुरू होने के बाद राज्य में कुल 13 आधार सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं।
यूआईडीएआई ने बताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल के अन्य जिलों में भी चरणबद्ध तरीके से नए आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे।
नया आधार सेवा केंद्र कुसुम अपार्टमेंट, ओ.टी. रोड, इंदा, एलआईसी कार्यालय के पास, खड़गपुर, पश्चिम मेदिनीपुर में स्थित है। इस केंद्र में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग काउंटर बनाया गया है, ताकि उन्हें प्राथमिकता के साथ सुविधाएं मिल सकें।
यह केंद्र पश्चिम मेदिनीपुर और आसपास के लोगों को बेहतर आधार सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इससे आधार आवेदन में त्रुटियां और रिजेक्शन की संभावना कम होगी तथा अपडेट की प्रक्रिया भी तेज होगी। यहां जन्म पंजीकरण संख्या (बीआरएन) के आधार पर बच्चों का आधार नामांकन भी किया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

