home page

तृणमूल कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

 | 
तृणमूल कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल


कोलकाता, 28 मई (हि. स.)। महानगर कोलकाता के टेंगरा इलाके में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद होने का मामला सामने आया है, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ईस्ट कुलिया रोड स्थित यह पार्टी कार्यालय विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने (चार मई) के बाद से बंद पड़ा था। गुरुवार को कुछ स्थानीय लोगों ने कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक अलमारी में आधार कार्ड रखे हुए पाए गए।

बताया जा रहा है कि यह पार्टी कार्यालय बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है और पहले इसे तृणमूल नेता जीवन कुमार साहा द्वारा उपयोग किया जाता था।

कार्यालय के भीतर आधार कार्ड मिलने की सूचना पाकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि उनके पास पहले से ही मूल आधार कार्ड मौजूद है, जबकि कुछ ने आरोप लगाया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उन्हें कार्ड प्राप्त नहीं हुए हैं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है।

एक स्थानीय निवासी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का आधार कार्ड जारी होने के बावजूद उन्हें नहीं मिला, जिससे संदेह पै1दा होता है कि दस्तावेजों को रोककर रखा गया था। हालांकि, कुछ अन्य लोगों ने यह भी आशंका जताई कि इन दस्तावेजों का दुरुपयोग किया जा सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे प्रकरण पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चुनाव के बाद से यहां राजनीतिक गतिविधियां काफी कम हो गई थीं और पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाजाही भी सीमित हो गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता