home page

न्यूटाउन में बोरी से निकली सैकड़ों आधार कार्ड, इलाके में हड़कंप

 | 
न्यूटाउन में बोरी से निकली सैकड़ों आधार कार्ड, इलाके में हड़कंप


कोलकाता, 19 अप्रैल (हि. स.)। चुनावी माहौल के बीच पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन में आधार कार्ड मिलने की घटना से सनसनी फैल गई। नाले के किनारे से 400 से अधिक आधार कार्ड बरामद हुए हैं। रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने नाले के किनारे एक संदिग्ध बोरी पड़ी देखी। बोरी खोलते ही सभी हैरान रह गए— उसमें बड़ी संख्या में आधार कार्ड भरे हुए थे। दावा किया जा रहा है कि बरामद हुए सभी कार्ड स्थानीय निवासियों के हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

रविवार दोपहर शुलनगुड़ी दक्षिणपाड़ा इलाके में कुछ बच्चे नाले के किनारे खेल रहे थे। सबसे पहले उन्हीं की नजर वहां पड़ी बोरी पर गई। खबर पाकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि बोरी में बड़ी मात्रा में आधार कार्ड भरे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश कार्डों पर शुलनगुड़ी दक्षिणपाड़ा का ही पता लिखा है, यानी ये कार्ड उसी इलाके के लोगों के हैं।

एक स्थानीय तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि बरामद हुए अधिकांश आधार कार्ड तृणमूल समर्थकों के हैं। उनका दावा है कि राजनीतिक दुश्मनी के कारण स्थानीय भाजपा समर्थित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने यह काम किया है।

तृणमूल नेता का आरोप है कि वोटर सूची में नाम दर्ज कराने के लिए कई लोगों ने अपने दस्तावेज शुलनगुड़ी दक्षिणपाड़ा के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा किए थे। भाजपा समर्थित बीएलओ ने चुन-चुन कर तृणमूल समर्थकों के कार्ड इकट्ठा किए और उन्हें नाले के किनारे फेंक दिया।

गौरतलब है कि वोटर सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया को लेकर राज्य में पहले से ही तनाव का माहौल है। इसी बीच आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज नाले के किनारे मिलने की घटना ने इलाके में नई चिंता पैदा कर दी है।

इस मामले में तृणमूल की ओर से भाजपा समर्थित बूथ लेवल अधिकारी पर आरोप लगाए गए हैं, हालांकि भाजपा की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता