home page

रायगंज एनकाउंटर : मृत आरोपित की मां ने कहा - 'ऐसे पापी बेटे का न होना ही बेहतर'

 | 
रायगंज एनकाउंटर : मृत आरोपित की मां ने कहा - 'ऐसे पापी बेटे का न होना ही बेहतर'


बेटे का शव लेने से किया इनकार

उत्तर दिनाजपुर, 09 नवंबर (हि. स.)। रायगंज में 12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित दिलीप राय की पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मौत के बाद उसकी मां ने अपने इकलौते बेटे का शव लेने और उसका अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है। रविवार देर रात बिहार भागने की फिराक में पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारे गए दिलीप की मां चानिया राय ने अपने बेटे के कृत्य पर गहरी शर्मिंदगी जताते हुए कहा कि ऐसे पापी बेटे का न होना ही बेहतर है, मैं श्मशान भी नहीं जाऊंगी।

'गांव में मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा'

पुलिस से मिली सूचना के बाद रविवार रात ही बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचीं चानिया राय को जब पड़ोसियों से अपने बेटे के जघन्य अपराध की पूरी जानकारी मिली, तो वह टूट गईं। बेटे को खोने के दर्द पर उसका जघन्य अपराध भारी पड़ गया। भारी मन से उन्होंने कहा, ऐसा बेटा न हो तो ही अच्छा। उसने ऐसा पाप किया है कि अब हम गांव में किसी को मुंह दिखाने के लायक नहीं बचे। वह चला गया, यह अच्छा ही हुआ। मैं यही चाहती थी।

उन्होंने बताया कि दिलीप बचपन से ही घर छोड़कर चला गया था और अपने बूढ़े माता-पिता की कभी कोई सुध नहीं ली।

16 साल पहले भी लगा था यौन शोषण का आरोप

दिलीप के कृत्य से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दिलीप पर इस तरह के आरोप नए नहीं हैं। आरोप है कि करीब 16 साल पहले भी उसने अपनी ही एक रिश्तेदार की छह साल की बच्ची का शारीरिक शोषण किया था। तब गांव वालों ने उसकी जमकर पिटाई की थी और हर्जाने के तौर पर उसकी मां की एक कट्ठा जमीन बेचकर पीड़ित परिवार को देनी पड़ी थी। ग्रामीणों का कहना है कि इतने जघन्य अपराध की कोई क्षमा नहीं है और पुलिस ने जो किया, वह बिल्कुल सही सजा है।

क्या है पूरा मामला?

ज्ञात हो कि पिछले मंगलवार को दिलीप राय अपने पड़ोस में रहने वाली 12 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को कुलिक नदी दिखाने के बहाने घर से ले गया था, जिसके बाद से वह लापता थी। गुरुवार को अब्दुलघाटा के वन विभाग द्वारा संरक्षित जंगल से उसका शव बरामद हुआ। आरोप है कि इसी जंगल में दिलीप ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी।

बिहार भागने की फिराक में था आरोपित

घटना के बाद से ही आरोपित फरार था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मूल रूप से झारखंड के निवासी दिलीप ने सीमावर्ती इलाका होने के कारण पाड़ारपुकुर के रास्ते बिहार के तारापुर भागने की योजना बनाई थी। रविवार रात करीब दो बजे पुलिस ने रायगंज के गौरी पंचायत क्षेत्र के पाड़ारपुकुर बांध के पास उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और पुलिस के वाहन के टायर पर भी गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह मौके पर ही मारा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा