न्यू मार्केट 'शिखा-इन' अग्निकांड : लीज होल्डर सबा गिरफ्तार, शिवपुर से अंतिम आरोपित गिरफ्तार
कोलकाता, 28 अक्टूबर (हि. स.)।
कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में स्थित 'शिखा-इन' होटल अग्निकांड मामले में पुलिस ने अंतिम आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। कोलकाता पुलिस की खुफिया शाखा के अधिकारियों ने आरोपित सबा जफर को हावड़ा के शिवपुर इलाके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि इस होटल की लीज सबा के नाम पर ही ली गई थी।
बता दें कि पिछले अगस्त महीने में मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित इस होटल में लगी भीषण आग में एक बच्चे सहित नौ लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद पुलिस ने अबू जफर और बीरेश्वर मित्रा को गिरफ्तार किया था। अब उसी कड़ी में अबू जफर की पत्नी सबा जफर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अगस्त में हुई उस घटना के बाद से ही सबा फरार चल रही थी। वह उत्तर प्रदेश भाग गई थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदल रही थी। कुछ दिन पहले ही वह वापस हावड़ा आई थी। गुप्त सूचना के आधार पर जांचकर्ताओं ने अभियान चलाया और मुख्य आरोपितों में से एक सबा को धर दबोचा।
उल्लेखनीय है कि 19 अगस्त (बुधवार) की देर रात न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित 'शिखा-इन' होटल में अचानक भीषण आग लग गई थी। इस दौरान होटल के अंदर कई निवासी फंस गए थे, जिनमें से दम घुटने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में से अधिकांश बांग्लादेश के नागरिक थे, जो मुख्य रूप से चिकित्सा के सिलसिले में कोलकाता आए हुए थे। इस घटना में कम से कम छह लोग घायल भी हुए थे। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी थी और होटल के मूल मालिक बीरेश्वर मित्रा व लीज लेने वाले अबू को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, जिसके नाम पर लीज ली गई थी, वह सबा लंबे समय से फरार थी, जिसे अब पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

