मुर्शिदाबाद : गहनों के लालच में नौ साल की बच्ची की हत्या, 13 वर्षीय नाबालिग पड़ोसी बाल सुधार गृह भेजी गई
कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बाली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नौ वर्षीय बच्ची की उसकी एक नाबालिग पड़ोसी ने कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतका की पहचान मल्लिका खातून (9) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में 13 वर्षीय किशोरी को हिरासत में लेकर बहरमपुर स्थित जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम (बाल सुधार गृह) भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह की है जब मल्लिका के माता-पिता किसी डॉक्टर से परामर्श करने के लिए बाहर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी। उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी किशोरी घर में दाखिल हो गई। चूंकि दोनों परिवार रिश्तेदार थे और एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते थे, इसलिए मल्लिका को किसी अनहोनी का कोई अंदेशा नहीं हुआ।
आरोप है कि किशोरी ने पहले बच्ची का गला घोंटा और फिर उसके शरीर पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। अपराध को छिपाने के इरादे से आरोपित ने बच्ची के शव को पास ही स्थित एक रिश्तेदार (अपने) के घर में बिस्तर के नीचे छिपा दिया। जब मल्लिका के माता-पिता घर लौटे और अपनी बेटी को नहीं पाया, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने तुरंत नवदा थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गांव पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान, अधिकारियों ने पड़ोसी के घर की तलाशी ली, जहां गुरुवार देर रात बिस्तर के नीचे से बच्ची का खून से लथपथ शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित किशोरी को हिरासत में लिया और उससे कड़ी पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान किशोरी ने कथित तौर पर हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस जघन्य वारदात को बच्ची द्वारा पहने गए सोने के आभूषणों के लालच में अंजाम दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपित किशोरी की पारिवारिक पृष्ठभूमि काफी तनावपूर्ण रही है। उसके माता-पिता अलग हो चुके हैं और वह फिलहाल घर में अकेली ही रह रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह नाबालिग पहले भी चोरी और अन्य गलत गतिविधियों में शामिल रही है।
शुक्रवार को आरोपित को संबंधित किशोर न्याय प्राधिकरण के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बहरमपुर के बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है कि क्या इस अपराध की साजिश पहले से रची गई थी और हत्या की मुख्य वजह बने उन सोने के आभूषणों का क्या हुआ?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

