home page

मेची नदी पर बनेगा 850 मीटर लंबा तटबंध, 1.80 करोड़ रुपये होंगे खर्च

 | 
मेची नदी पर बनेगा 850 मीटर लंबा तटबंध, 1.80 करोड़ रुपये होंगे खर्च


सिलीगुड़ी, 23 नवंबर (हि. स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे नक्सलबाड़ी के ग्रामीण इलाकों को बाढ़ और नदी कटाव से बचाने के लिए मेची नदी पर तटबंध निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है। करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नदी के तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 850 मीटर लंबा तटबंध बनाया जाएगा।

सोमवार को नक्सलबाड़ी के रकमजोत आयोजित कार्यक्रम में राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने तटबंध निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। पिछले मानसून के दौरान मेची नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी का तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया था और किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा था।

तटबंध क्षतिग्रस्त होने के कारण मेची नदी के किनारे बसे 10 से अधिक गांवों के ग्रामीण लंबे समय से चिंतित थे। अब सरकार की ओर से उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तटबंध निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से आगामी मानसून से पहले निर्माण कार्य पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है। शिलान्यास के बाद मंत्री ने क्षतिग्रस्त तटबंध का निरीक्षण भी किया।

इस दौरान राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि मेची नदी के अलावा महानंदा और बालासन सहित अन्य नदियों के जिन इलाकों में तटबंध क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां भी मरम्मत और निर्माण कार्य कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार