home page

सातवें वेतन आयोग की पहली बैठक, सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी सिफारिशों से सावधान रहने की अपील

 | 
सातवें वेतन आयोग की पहली बैठक, सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी सिफारिशों से सावधान रहने की अपील


कोलकाता, 10 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित सातवें वेतन आयोग की पहली बैठक सोमवार को नवान्न में हुई। आयोग ने अपनी कार्य सीमा के तहत आने वाली विभिन्न सेवाओं तथा वैधानिक निकायों, निगमों और उपक्रमों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। बैठक में आयोग के कामकाज और अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए आगे की कार्ययोजना पर भी प्रारंभिक चर्चा हुई।

आयोग ने बताया कि वह सूचनाओं के प्रसार, सुझाव आमंत्रित करने के लिए नोटिस जारी करने, आंकड़े एकत्र करने और ज्ञापन प्राप्त करने समेत आयोग से संबंधित सभी गतिविधियों के लिए एक वेबसाइट शुरू करेगा। आयोग के काम से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियां वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

आयोग के संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर आयोग की कथित सिफारिशों से जुड़ा एक अनधिकृत दस्तावेज प्रसारित किया जा रहा है। आयोग ने कहा कि इस दस्तावेज में निराधार, भ्रामक और अपुष्ट जानकारियां दी गई हैं, जिससे लोगों के बीच भ्रम और आशंका पैदा हो रही है।

आयोग ने स्पष्ट किया कि उसने अभी-अभी काम शुरू किया है और अब तक उसकी ओर से किसी भी तरह की सिफारिश नहीं की गई है। आयोग ने संबंधित सभी लोगों से अपील की है कि वे आयोग के कामकाज को लेकर अप्रमाणित स्रोतों से मिलने वाली ऐसी अनधिकृत और तथ्यात्मक रूप से गलत सूचनाओं पर भरोसा न करें।

आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसकी आधिकारिक गतिविधियों और भविष्य में जारी होने वाली सूचनाओं के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर