home page

एक साथ सात नाबालिग लड़कियां बरामद, आरामबाग महकमा अदालत में पेश

 | 
एक साथ सात नाबालिग लड़कियां बरामद, आरामबाग महकमा अदालत में पेश


हुगली, 22 मई (हि.स.)। एक चौंकाने वाली घटना में एक ही स्थान से बरामद सात नाबालिग लड़कियों को शुक्रवार को आरामबाग थाना पुलिस ने आरामबाग महकमा अदालत में पेश किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद नाबालिगों में चार लड़कियां आरामबाग थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं, जबकि एक लड़की पांडुआ थाना क्षेत्र और दो अन्य पूर्व बर्धमान जिले की निवासी हैं।

जानकारी के मुताबिक, सभी नाबालिगों को पांडुआ थाना क्षेत्र के एक स्थान से बरामद कर आरामबाग थाना लाया गया। पुलिस ने बताया कि गत 12 मई को आरामबाग के चांदुर इलाके से तीन नाबालिग लड़कियां लापता हो गई थीं। इसके बाद उनके परिजनों ने आरामबाग थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की। जांचकर्ताओं ने कई लोगों से पूछताछ की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को नाबालिगों की लोकेशन का पता चला और अंततः उन्हें बरामद कर लिया गया।

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि बरामद लड़कियां एक आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए उस इलाके में गई थीं। हालांकि वे वहां कैसे पहुंचीं और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या किसी तरह का प्रलोभन था या नहीं, इसकी जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, अदालत के निर्देश के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय